रावाणियत में आज का प्रश्न रावाणियत में रोज़, कई सारे लोग अपने प्रश्न लिखित रूप में पूछते हैं।
इस बार किसी ने पूछा है —
“मैं एक घर खरीदना चाहता हूँ जिसमें मैं अपने परिवार के साथ खुशी से रह सकूँ, तो मुझे किस तरह का घर खरीदना चाहिए?”
उत्तर
वो कहते हैं कि मज़बूत रिश्तों और कमज़ोर रिश्तों में बहुत ज़्यादा फ़र्क नहीं होता, बस ज़्यादा खालीपन होता है। और यही खालीपन रिश्तों को कमज़ोर करता है। खालीपन जितना ज़्यादा होता है, रिश्ते उतने ही कमज़ोर होते चले जाते हैं, और जब यह खालीपन लगातार बढ़ता रहता है, तो रिश्ते टूट जाते हैं या उनके मायने ही खत्म हो जाते हैं।
वो कहते हैं कि अगर बहुत जगह खाली है, तो दूर रहने का विकल्प मिल जाता है, और बस इसी विकल्प के होने से रिश्ते धीरे-धीरे कमज़ोर होने लगते हैं और अपनी गहराई खो देते हैं।अगर आप एक घर खरीदना चाहते हैं और यह सोचकर खरीदना चाहते हैं कि उसमें आप अपने परिवार के साथ खुशी से रहेंगे, तो आपको एक छोटा घर लेना चाहिए।
जब बहुत सारे लोग एक साथ रहते हैं तो विचारों में भिन्नता और मतभेद स्वाभाविक हैं। झगड़े भी होंगे, और कोई भी इन्हें कभी रोक नहीं पाया है।
लेकिन अगर घर छोटा होता है, तो सब एक-दूसरे के पास रहते हैं, एक-दूसरे से मिलते हैं, देखते हैं, और किसी न किसी रूप में बातचीत फिर से शुरू हो जाती है।कई बार अपने प्रियजनों को परेशानी में देखकर, कभी परिवार को बनाए रखने के विचार से, या फिर किसी खुशी के अवसर पर सब एक हो जाते हैं।
कोई अगर रूठा भी हो तो सामने आते-जाते देख कर, उसके अंदर भावनाएं फिर से जाग जाती हैं और रिश्ता बना रहता है।पर अगर घर बड़ा है, तो झगड़े के बाद वे किसी दूसरे कमरे में चले जाते हैं, या अगर कोई दूसरा घर है, तो वहाँ चले जाते हैं।
इससे एक-दूसरे से मिलना, एक-दूसरे को देखना या बातचीत का अवसर बहुत कम हो जाता है।
ऐसे में अगर कोई माफ़ी माँगना भी चाहे या रिश्ता बनाए रखने के लिए आगे बढ़ना चाहे, तो वह कदम उठाना मुश्किल हो जाता है क्योंकि दोनों ही अपने अहंकार के हिस्से में बँट चुके होते हैं।
आज के दौर में सब बहुत व्यस्त हैं, कोई भी अपना काम छोड़कर मनाने नहीं आ पाएगा, और शायद आप भी नहीं जा पाएँगे।
मगर छोटे घर में आपको जाना नहीं पड़ता—लोग सामने आ ही जाते हैं।
तब किसी के भीतर यह भावना उठती है कि “ग़ुस्सा रहने दो, मैं ही पहल कर लेता हूँ,” और रिश्ता यूँ ही बना रहता है।बड़े घरों में यह नहीं हो पाता क्योंकि वहाँ जगह बहुत होती है। छोटी-सी नोकझोंक के बाद लोग अपने-अपने कमरों में चले जाते हैं।
बातचीत वहीं खत्म हो जाती है।
वे अपने ही कमरे में खाना खा लेते हैं, ज़रूरत पड़ने पर ही बाहर निकलते हैं, और फिर वापस कमरे में चले जाते हैं।
लेकिन छोटे घर में झगड़े के बाद भी जगह कम होने से सब पास रहते हैं।
इसी वजह से आपस की भावनाएँ मज़बूत रहती हैं।
जैसे एक चुंबक और कील—जितने पास रखेंगे, चुंबकीय क्षेत्र उतना मज़बूत रहेगा, और जितनी दूरी बढ़ेगी, असर उतना ही कम होगा।
यही उदाहरण इंसानी रिश्तों पर भी लागू होता है।इसलिए अगर आप अपने परिवार के साथ रहने के लिए घर खरीदना चाहते हैं, तो छोटा घर खरीदिए।
जब सभी लोग एक-दूसरे के क़रीब रहेंगे तो रिश्ते मज़बूत रहेंगे।
झगड़े तो होंगे, पर वे जल्दी सुलझ जाएँगे।
एक छोटा घर केवल ईंटों का ढाँचा नहीं होता, वो अपने भीतर परिवार की नज़दीकी, अपनापन और वह उष्मा समेटे रहता है जो हर रिश्ते को ज़िंदा रखती है।